saahityshyamसाहित्य श्याम

यह ब्लॉग खोजें

Powered By Blogger

रविवार, 24 जुलाई 2011

प्रेम काव्य -षष्ठ -सुमनांजलि ....

                                                                      कविता की भाव-गुणवत्ता के लिए समर्पित.......



          प्रेम -- किसी एक तुला द्वारा नहीं तौला जा सकता , किसी एक नियम द्वारा नियमित नहीं किया जासकता ; वह एक विहंगम भाव है | प्रस्तुत है ..षष्ठ -सुमनान्जलि....रस श्रृंगार... इस सुमनांजलि में प्रेम के श्रृंगारिक भाव का वर्णन किया जायगा ...जो तीन खण्डों में ......(क)..संयोग श्रृंगार....(ख)..ऋतु-श्रृंगार तथा (ग)..वियोग श्रृंगार ....में दर्शाया गया है...


            (क)- संयोग श्रृंगार में --पाती, क्या कह दिया ,  मान सको तो,     मैं चाँद तुझे कैसे.....,  प्रिय तुमने किया श्रृंगार ,  पायल,   प्रियतम जब इस द्वारे आये,    सखि ! कैसे   व   मांग सिंदूरी ...आदि ९ रचनाएँ प्रस्तुत की जायगीं |
प्रथम रचना---
पाती .....
जो पवन मेरे तन से लिपट कर बही ,
चंदनी सी महक लेके आती रही |
मैं समझ ही गया ये सुरभि बावरी,
तेरे तन की छुअन लेके आती रही ||

तेरे तन की छुअन प्यार पाती बनी,
मेरे मन की कली जब खिलाने लगी |
मैं समझ ही गया लिख के पाती,मगन-
प्रीति-स्मृति में तू मुस्कुराती रही ||

जब गगन में दमक यूं उठी दामिनी,
मैं समझ ही गया तू है खुल कर हंसी |
मेरे गीतों सजे , वे वासंती ख़त,
ये हवा तुझको गाकर सुनाती रही ||

जब मयूरी ने जंगल में कुंजन किया,
मस्त होके मयूरा लगा नाचने |
मैं समझ ही गया, कोई रचना मेरी,
पढ़ ठुमकने लगी, तू ठुमकती रही ||

मैं समझ ही गया ये सुरभि बावरी,
मेरे गीतों से तुझको रिझाती रही |
जो पवन मेरे तन से लिपट कर बही ,
चंदनी सी महक लेके आती रही ||



द्वितीय रचना........क्या कह दिया...


तुमने आकर के हाथों से क्या छू दिया ,
मेरा आँचल निखर कंचनी होगया |
जाने नयनों ने नयनों से क्या क्या कहा ,
रूप पुलकित धवल चांदनी होगया |
तुमने आकर के हाथों से क्या छूदिया ,
मेरा आंचल निखर कंचनी हो गया ||


तेरी बातों में जाने कहाँ खोये हम,
भूल कर दीन-दुनिया तुम्हारे हुए |
तुमको ख्यालों में पाकर के बेसुध हुए ,
राज सारे ही दिल के बयाँ होगये ||
मृदु स्वरों से न जाने क्या तुमने कहा,
तन खनकती हुई करधनी होगया ||

आँगन आँगन फिरूं मन में होके मगन,
अब सुहाने लगे सब नदी बाग़ वन |
मन की मैना व कोकिल लगीं कूकने ,
एक होने लगे जैसे धरती - गगन ||
नर्म होठों से तुमने ये क्या छू दिया,
मेरा तन मन महक चंदनी होगया ||

मन का हिरना फिरे है इधर से उधर,
मस्त वीणा की झंकार मन में उठी |
मन में मलयज की शीतल लहर बह चली ,
पग की पायल झनन झन झनाने लगी |
तुमने साँसों में बस कर ये क्या कर दिया ,
तन बदन खिल कमल-पांखुरी होगया ||

मन में मनसिज कुसुम-शर से चलने लगे,
रंग बासन्ती आँखों में छाने लगा |
सारे तन में यूं कलियाँ चिटखने लगीं ,
मन तेरे सुर में ही सुर मिलाने लगा |
कितने रंगों से आँचल मेरा भर दिया,
मन तेरे प्यार की बांसुरी होगया ||

जाने नयनों ने नयनों से क्या क्या कहा,
रूप पुलकित धवल चांदनी होगया ||



तृतीय गीत ---


मान सको तो मान लो...

मान सको तो मान लो ,
मैंने तुमसे किया है प्यार |
तुम ही हो मेरे जीवन धन,
तुम ही मेरा प्यार -
मैंने तुमसे किया है प्यार ||


तुम पर सारा जीवन वारूं ,
वारी सब संसार |
तुम्हीं प्यार की प्रथम किरण हो,
तुम ही अंतिम प्यार |
मैंने तुमसे किया है प्यार ||


तुमसे जगीं भावनायें, मन-
उमड़े रंग हज़ार |
तुम दीपक हो मैं बाती हूँ,
तुम जीवन का सार |
मैंने तुमसे किया है प्यार ||


जब जब आये मन को भाये,
हम कर बैठे प्यार |
हमने तुमसे प्यार किया है,
तुम मेरा संसार |
मैंने तुमसे किया है प्यार ||


मानना चाहो मान लो मेरे,
इस मन का इज़हार |
तुमने हम से प्यार किया है,
अब कैसी मनुहार |
मैंने तुमसे किया है प्यार ||


चतुर्थ गीत ...


मैं चाँद तुझे कैसे कहदूं .....

मैं चाँद तुझे कैसे कहदूं ,
वो बदली में छुप जाता है |
तेरा सुन्दर मुखड़ा प्रियवर ,
घूंघट को भी दमका जाता है ||

बदली से निकल कर वो चंदा ,
अपनेपन पर इठलाता है |
तेरा चिलमन जब हटता है,
वह खुद ही शरमा जाता है ||

जो दाग चाँद के माथे पर ,
उसका कोई भी नाम नहीं |
तेरे मुखड़े का सुन्दर तिल,
मुखड़े को भी दमकाता है ||

वो घटता बढ़ता रहता है,
इक रोज कहीं खो जाता है |
यह रूप मगर इस घर भर को ,
तो प्रतिदिन ही महकाता है ||

वो रातों को ही आता है,
हर सुबह कहीं खोजाता है |
यह सुन्दर आनन तेरा प्रिय,
प्रतिपल मुझको हरषाता है ||

वह दूर दूर ही रहता है ,
विरहा में सदा सताता है |
तेरे अंतस का अपनापन ,
तन मन जगमग कर जाता है |

उसकी अपनी भी ज्योति कहाँ ,
है प्रभा सूर्य की बिखराता |
तेरे यौवन की ज्योति निरख ,
है दिनकर भी सहमा जाता ||

मैं चाँद तुझे कैसे कह दूं,
वह बदली से घिर जाता है |
तेरा यह सुघड़ सलोना मुख ,
घूंघट को भी दमकाता है ||





 पंचम गीत..


प्रिय तुमने किया श्रृंगार....


प्रिय, तुमने किया श्रृंगार ||


टूट गए दृढ़ता के बंधन हम कर बैठे प्यार |
तेरे तन की गर्मी से उठ आई बरखा बहार |
बगटुट मनुवा ऐसे दौड़े जैसे मस्त बयार |
प्रिय, तुमने किया श्रृंगार ||


सतरंगे रंग इन्द्रधनुष के आँचल से छलके |
दन्तपंक्ति हो धवल तरंगित ज्यों घन बिजुरी चमके |
पायल बिछुआ रुनझुन, सुरभित गजरा हरसिंगार |
प्रिय, तुमने किया श्रृंगार ||

अंखियों में कजरा, नकबेसर,मोतिन मांग सजाई |
चाल चले कलहंस लजाये,गालों पर अरुणाई |
माथे पर बिंदिया सिंदूरी, चमके ज्यों अंगार |
प्रिय, तुमने किया श्रृंगार ||

दूज का चन्दा बना गले का चन्द्रहार लहराए |
चन्दन लेप सुगन्धित तन ज्यों मलयानिल हर्षाये |
कर्णफूल झूलें ज्यों झूला झूलें सुन्दर नार ||


प्रिय, तुमने किया श्रृंगार |
सखि ! तुमने किया श्रृंगार ||








षष्ठ गीत... पायल ..



सखी ! तेरी पायल की झंकार ||
नाच उठा मन मोर,
सज गया सपनों का संसार |
प्रेम बांसुरी बजी ह्रदय में ,
झूम उठा घर-द्वार |
सखी ! तेरी पायल की झंकार ||


झनक झनक पैजनियाँ बोले ,
सारे भेद जिया के खोले,
जैसे हो कान्हा की वंशी ,
छेड़े मन के तार |
सखी ! तेरी पायल की झंकार ||


जब जब हो पायल की छन छन ,
तड़पे प्रेम विरह घायल मन |
दूर देश से जैसे कोई,
आई प्रेम पुकार ||
सखी ! तेरी पायल की झन्कार ||


छत, बैठक, घर, मंदिर, आँगन,
छलकाए रस पायल छन छन |
आतप में जैसे श्यामल घन,
छेड़े राग मल्हार |,
सखी ! तेरी पायल की झंकार ||

मेरे मन की विरह पीर को ,
तेरी पायल कब समझेगी |
प्रीति भरे इस मन आँगन में ,
बैरिन पायल कब छनकेगी |
मैं तो हार गया हूँ सजनी !
कर कर के मनुहार |

सखी! तेरी पायल की झंकार ||





सप्तम गीत---
प्रियतम जब इस द्वारे आये.....

प्रियतम जब इस द्वारे आये |
दीप जले मन, तन हरषाये ||

भीनी भीनी प्यार की महक,
मन साँसों में भर भर जाए |
अंग अंग में खिली चांदनी,
मन राधा बन् कर मुस्काए | ....प्रियतम जब.......||

नैन चदरिया राह बिछाये,
दीप जलाए द्वार खड़ी थी |
उपालंभ की गठरी बाँधे,
मैं तो कर मनुहार खड़ी थी |

प्रियतम से जब हुआ सामना,
मन पिघला नवनीत होगया |
झूले बाहों के झूले जब,
उपालंभ संगीत होगया |

जो मनुहार किये बैठी थी ,
आँसू बन् प्रिय गीत होगया |
मौन मौन मन बात होगई,
बोल मुखर फिर कब हो पाए | ---प्रियतम जब......||

बाहों में भरकर इठलाये ,
प्रियतम जब इस द्वारे आये |
तन पिघला नवनीत होगया,
मन राधा बनकर मुस्काए |

प्रियतम जब इस द्वारे आये ||






 अष्ठम गीत ..रति-श्रृंगार में ....


सखि कैसे ....?


सखि री ! तेरी कटि छीन,
पयोधर भार भला धरती हो कैसे ?
बोली सखी मुसकाय , हिये-
उर-भार तिहारो धरतीं हैं जैसे ||

भौहें बनाईं कमान भला , हैं-
तीर कहाँ पे, निशाना हो कैसे ?
नैनन के तूरीण में बाण ,
धरे उर पैनी कटार के जैसे ||

कौन यहाँ मृग-बाघ धरे ,
कहौ,बाणन वार शिकार हो कैसे ?
तुम्हरो हियो मृग भांति पिया,
जब मारे कुलांच, शिकार हो जैसे ||

प्रीति तेरी मन मीत, प्रिया -
उलझाए ये मन, उलझी लट जैसे |
लट सुलझाय तो तुम ही गए,
प्रिय, मन उलझाय गए कहो कैसे ?

ओठ तेरे बिम्बाफल भांति,
किये रचि, लाल अंगार के जैसे |
नैन तेरे प्रिय, प्रेमी चकोर ,
रखें मन जोरि अंगार से जैसे ||

अनहद -नाद को गीत बजे,,
संगीत, प्रिया अंगडाई लिए से |
कंचन-काया के ताल-मृदंग पे ,
थाप तिहारी कलाई दिए से ||

प्रीति भरे रस बैन तेरे , कहो -
कोकिल-कंठ भरे रस कैसे ?
प्रीति की वंशी तेरे उर की,पिय -
देती सुनाई मेरे उर में से ||

पंकज नाल सी बाहें प्रिया, उर-
बीच धरे हो, क्यों अँखियाँ मीचे |
मत्त मतंग की नाल सी बाहें ,
भरें उर बीच , रखें मन सींचे ||