saahityshyamसाहित्य श्याम

यह ब्लॉग खोजें

Powered By Blogger

रविवार, 8 मई 2016

मातृ दिवस पर -----माँ महात्म्य ....डा श्याम गुप्त....

                              कविता की भाव-गुणवत्ता के लिए समर्पित


मातृ दिवस पर -----माँ महात्म्य ....



माँ वंदना


माँ लिखती तो सब कुछ तुम हो,
नाम मुझे ही दे देती हो |
आप लिखाती लेकिन जग को,
लिखा श्याम ने कह देती हो |


अंतस में जो भाव उठे हैं,
सब कुछ माँ तेरी संरचना |
किन्तु जगत को तुमने बताया,
यह कवि के भावों की रचना |

तेरे नर्तन से रचना में,
अलंकर रस छंद बरसते |
कहला देती जग से, कवि के-
अंतस में रस छंद सरसते |

हाथ पकड़कर माँ लिखवाया,
अक्षर अक्षर शब्द शब्द को |
शब्दों का भण्डार बताया,
माँ तुमने मुझसे निशब्द को |

मातु शारदे! वीणा पाणी !
सरस्वती, भारति, कल्याणी!
मतिदा माँ कलहंस विराजनि,
ह्रदय बसें वाणी ब्रह्माणी |

हो मयूर सा विविध रंग के,
छंद, भाव रस युत यह तन मन |
गतिमय नीर औ क्षीर विवेकी,
हंस बने माता मेरा मन |

लिखदो माँ वर रूपी मसि से,
अपनी कृपा-भक्ति इस मन में |
जब जब सुमिरूँ माँ बस जाओ,
कागज़ कलम रूप धर मन में |

ज्ञान तुम्हीं भरती रचना में,
पर अज्ञानी श्याम हे माता !
तेरी कृपा-भक्ति के कारण,
बस कवि की संज्ञा पा जाता ||




माँ -महात्म्य....


जितने भी पदनाम सात्विक, उनके पीछे मा होता है |
चाहे धर्मात्मा, महात्मा, आत्मा हो अथवा परमात्मा |

जो महान सत्कार्य जगत के, उनके पीछे माँ होती है |
चाहे हो वह माँ कौशल्या, जीजाबाई या जसुमति माँ |

पूर्ण शब्द माँ ,पूर्ण ग्रन्थ माँ, शिशु वाणी का प्रथम शब्द माँ |
जीवन की हर एक सफलता, की पहली सीढी होती माँ |

माँ अनुपम है वह असीम है, क्षमा दया श्रृद्धा का सागर |
कभी नहीं रीती होपाती, माँ की ममता रूपी गागर |

माँ मानव की प्रथम गुरू है,सभी सृजन का मूलतंत्र माँ |
विस्मृत ब्रह्मा की स्फुरणा, वाणी रूपी मूलमन्त्र माँ |

सीमित तुच्छ बुद्धि यह कैसे, कर पाए माँ का गुणगान |
श्याम करें पद वंदन, माँ ही करती वाणी बुद्धि प्रदान ||


e

मंगलवार, 22 मार्च 2016

कैसे रंगे बनवारी---डा श्याम गुप्त ...

                             कविता की भाव-गुणवत्ता के लिए समर्पित



कैसे रंगे बनवारी




सोचि सोचि राधे हारी, कैसे रंगे बनवारी
कोऊ तौ न रंग चढ़े, नीले अंग वारे हैं |
बैजनी बैजन्तीमाल, पीत पट कटि डारि,
ओठ लाल लाल, श्याम, नैन रतनारे हैं |
हरे बांस वंशी हाथ, हाथन भरे गुलाल,
प्रेम रंग सनौ कान्ह, केस कजरारे हैं |
केसर अबीर रोली, रच्यो है विशाल भाल,
रंग रंगीलो तापै मोर-मुकुट धारे हैं ||

चाहे कोऊ रंग डारौ, चढिहै न लालजू पै,
क्यों न चढ़े रंग, लाल, राधा रंग हारौ है |
राधे कहो नील-तनु, चाहें श्यामघन सखि,
तन कौ है कारौ पर, मन कौ न कारौ है |
जन कौ दुलारौ कहौ, सखियन प्यारौ कहौ ,
तन कौ रंगीलौ कहौ, मन उजियारौ है |
एरी सखि! जियरा के प्रीति रंग ढारि देउ,
श्याम रंग न्यारो चढ़े, सांवरो नियारो है ||

शनिवार, 19 मार्च 2016

मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी...डा श्याम गुप्त

  कविता की भाव-गुणवत्ता के लिए समर्पित



                                  




मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी


मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी ...
खेलूंगी बरजोरी..बरजोरी....
मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी ...२ ..||
अब तक बहुत गगरियाँ फोरीं ...x २
छेड़ डगर में बहियाँ मरोरीं |
अब होरी मधु रंग रस छाये....x २ ..
श्याम सखा मोरे मन भाये
पागल तन मन भीगा जाए
चाहे चूनर ही रंग जाए ,
चाहे जले राधा भोरी ...x २ ....

ग्वाल बाल संग कान्हा आये ..x २
ढोल, मृदंग, मजीरे लाये |
बरसाने की डगर सुहाए,
रंग रसधार बहाते आये ...x २ ..
खेलन आये होरी ...
मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी...x २ ||
लकुटि लिए सब सखियाँ खडीं हैं ....x २ ..
सब मनमानी करने अड़ी हैं |
बरसाने की बीच डगर में ..x २ ..
अब न चले बरजोरी ..x २....
मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी ...x २ ...||

भर पिचकारी कान्हा मारे...x २ ..
तन मन के सब मैल उतारे ..x २...
अंतरमन तक भीजें सखियाँ ...x २ ..
भूल गईं सब लकुटि-लकुटियाँ |
भूल गयीं सब राह डगरियाँ,
भूल गयीं सब टूटी गगरियाँ ..x २
भूलीं माखन चोरी ..२
मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी ....x २ ||
माखन चोर रस-रंग बहाए ..x २
होगई मन की चोरी |
तन मन भीगें गोप-गोपिका...x २
भीगे राधा गोरी ...x २
होगई मन की चोरी |
मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी ..x २…
खेलूंगीबरजोरी..बरजोरी... मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी ..x २ ||

बुधवार, 9 मार्च 2016

"तुम तुम और तुम". के गीत----क्षितिज पर बनी एक तस्वीर हो.....गीत ..डा श्याम गुप्त

                                    कविता की भाव-गुणवत्ता के लिए समर्पित


नूतन वर्ष में .मेरे ..श्रृंगार व प्रेम गीतों की शीघ्र प्रकाश्य कृति ......"तुम तुम और तुम". के गीतों को यहाँ पोस्ट किया जा रहा है -----प्रस्तुत है गीत -२०.......
..क्षितिज पर बनी एक तस्वीर हो..--

बुधवार, 2 मार्च 2016

साहित्यकार दिवस -१ मार्च, २०१६--- डा श्याम गुप्त ...

                                  कविता की भाव-गुणवत्ता के लिए समर्पित


साहित्यकार दिवस -१ मार्च, २०१६---

------सिटी कान्वेंट स्कूल, राजाजी पुरम, लखनऊ के सभागार में, अखिल भारतीय अगीत परिषद् एवं डा रसाल स्मृति एवं शोध संस्थान द्वारा साहित्यकार दिवस २०१६ के आयोजन किया गया ---
समारोह के अध्यक्षता डा विनोद चन्द्र पांडे विनोद ने के| मुख्य अतिथि आगरा वि विद्यालय के उप-कुलपति प्रख्यात अर्थशास्त्री डा मोहम्मद मुजम्मिल , विशिष्ट अतिथि डा सुलतान शाकिर हाशमी पूर्व सलाहकार केन्द्रीय योजना आयोग एवं प्रोफ. उषा सिन्हा पूर्व विभागाध्यक्ष हिन्दी विभाग लखनऊ वि वि थीं|


                सरस्वती वन्दना वन्दना कुमार तरल एवं वाहिद अली वाहिद ने की , संचालन डा रंगनाथ मिश्र सत्य ने |
                अगीत के संस्थापक साहित्यभूषण, विद्यासागर डा रंगनाथ मिश्र सत्य को उनके जन्म दिवस -१मार्च पर उनके शिष्यों, सद्भावी, प्रशंसकों व अन्य उपस्थित सभी कवियों, विज्ञजनों द्वारा काव्यांजलि, पुष्पांजलि एवं भेंट प्रदान करके उन्हें बधाईयाँ प्रस्तुत कीं गयीं |


                 डा रंगनाथ मिश्र सत्य पर रचित पुस्तक--गुरु महात्म्य का एवं विविध पुस्तकों के लोकार्पण एवं साहित्यकारों को विविध सम्मानों , पुरस्कारों से सम्मानित किया गया | इस अवसर पर साहित्यकारों के दायित्व पर एवं अगीत विधा पर व अन्य विविध अभिभाषण प्रस्तुत किये गये |
मुख्य अतिथि डा मोहम्मद मुजम्मिल ने अपने वक्तव्य में अगीत के राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय परिदृश्य की चर्चा की |


चित्र-१.डा सत्य के जन्म दिवस पर शिष्यों द्वारा भेंट ....२.सुषमा गुप्ता द्वारा विशिष्ट अतिथि डा उषा सिन्हा का माल्यार्पण....३.डा सुलतान शाकिर हाशमी को साहित्य रत्नाकर सम्मान ...४.डा योगेश को श्री जगन्नाथ प्रसाद स्मृति पुरस्कार प्रदान करते हुए डा श्याम गुप्त व सुषमा गुप्ता ....५. उपस्थित कविगण व अन्य विज्ञ जन ...६.डा रंगनाथ मिश्र सत्य की पुत्र वधु को सम्मानित करती हुईं श्रीमती सुषमा गुप्ता....७..अगीत के राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय महत्त्व व प्रसार पर बोलते हुए अध्यख डा मोह. मुजम्मिल .... ८. श्रीमती सुषमा गुप्ता को 'पुष्पा खरे' सम्मान प्रदान करते हुए डा रंगनाथ मिश्र सत्य ...९.कविवर देवेश द्विवेदी का सम्मान ...१०.सम्मानित कविगण...११. डा मोहम्मद मुजम्मिल का आख्यान ..



Like
Comment

कविवर साहिब दीन 'दीन कृत -साहित्यभूषण साहित्य् मूर्ति डा रंगनाथ मिश्र सत्य महात्म्य... डा श्याम गुप्त

 

                                कविता की भाव-गुणवत्ता के लिए समर्पित

गुरु महात्म्य की एक अनुपम कृति---कविवर साहिब दीन 'दीन कृत --
----साहित्यभूषण साहित्य् मूर्ति  डा रंगनाथ मिश्र सत्य महात्म्य....